इगलास। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को इगलास कोतवाली परिसर में राष्ट्रध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। थाना अध्यक्ष ईश्वर सिंह तोमर ने निर्धारित समय पर ध्वजारोहण किया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।
ध्वजारोहण के बाद थाना अध्यक्ष ईश्वर सिंह तोमर ने कोतवाली में तैनात दरोगा एवं आरक्षियों को शपथ दिलाई। उन्होंने पुलिसकर्मियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के बलिदान को याद करने के साथ राष्ट्रहित में पूरी जिम्मेदारी से कार्य करने की प्रेरणा देता है।
थाना अध्यक्ष ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन में सुरक्षा की भावना पैदा करना और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान कराना भी पुलिस का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा से कार्य करने की अपील की।
इस दौरान पुलिसकर्मियों ने संविधान एवं कानून का सम्मान करने, देश की एकता-अखंडता को मजबूत बनाए रखने तथा जनता की सुरक्षा एवं राष्ट्रसेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त निरीक्षक प्रमोद कुमार, उपनिरीक्षक गंगाराम गंगवार, कमलेश कुमार, बद्रीराम, महिपाल सिंह, अर्जुन सिंह अंजना, अजीत कुमार, हेड मोहर्रर मनोज यादव, जबर सिंह सहित कोतवाली का पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी ने देश की स्वतंत्रता एवं शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्र की प्रगति और समृद्धि की कामना की।





















