इगलास। कांवड़ियों की सुरक्षा एवं कस्बे में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन ने क्षेत्राधिकारी कमलेश कुमार के साथ इगलास कोतवाली का औचक निरीक्षण किया। इसके बाद एसएसपी ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के साथ कस्बे में पैदल फ्लैग मार्च किया।
एसएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इगलास चौराहे से पैदल मार्च शुरू किया। पुलिस टीम अलीगढ़ रोड होते हुए गोंडा रोड पहुंची। इसके बाद पथवारी मंदिर से होते हुए पुरानी तहसील रोड के रास्ते थाना परिसर पहुंची। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने प्रमुख मार्गों, चौराहों और कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च के दौरान सड़क पर चल रहे वाहनों को रोककर चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा कांवड़ियों की सुरक्षा के दृष्टिगत सावधानी बरतने का संदेश दिया गया। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि कांवड़ यात्रा के दौरान धीमी गति से वाहन चलाएं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने दें।
एसएसपी नीरज जादौन के स्वयं पैदल सड़क पर उतरने से पुलिसकर्मियों में भी उत्साह और सक्रियता दिखाई दी। फ्लैग मार्च में दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी और महिला पुलिसकर्मी शामिल रहीं। पुलिस की भारी मौजूदगी से कस्बे में सुरक्षा का संदेश गया।
इस दौरान एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि कांवड़ियों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए।





















