अलीगढ़। जल जीवन मिशन के तहत निर्मित पानी की टंकी के लंबे समय से निष्क्रिय पड़े होने और ग्रामीणों को जलापूर्ति का लाभ नहीं मिलने से नाराज इगलास तहसील क्षेत्र के गांव रायतपुर में मां चामुंडा देवी मंदिर परिसर में महंत मधुसूदन दास अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं।
महंत का आरोप है कि ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था, लेकिन लंबे समय से इसका संचालन प्रभावी रूप से नहीं हो पा रहा है। रखरखाव के अभाव में नवनिर्मित पानी की टंकी भी जर्जर होती जा रही है।
धरने पर बैठे महंत मधुसूदन दास ने कहा कि सरकार की महत्वपूर्ण योजना के तहत लाखों रुपये खर्च कर जलापूर्ति की व्यवस्था तैयार की गई, लेकिन यदि ग्रामीणों को इसका लाभ ही नहीं मिले तो योजना का उद्देश्य अधूरा रह जाता है। उन्होंने मांग की कि पानी की टंकी की स्थिति की जांच कराकर तत्काल मरम्मत कराई जाए और गांव में नियमित जलापूर्ति शुरू कराई जाए।
महंत ने कहा कि गांव की जनता को जल जीवन मिशन का वास्तविक लाभ मिलना चाहिए। जब तक जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या का समाधान नहीं करते, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
ग्रामीणों का कहना है कि पानी की समस्या के समाधान के लिए बनी टंकी के निष्क्रिय रहने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग धरने को कितनी गंभीरता से लेते हुए पानी की टंकी को चालू कराने के लिए क्या कदम उठाता है।





















