इगलास। नगर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए संयुक्त अभियान चलाया। उपजिलाधिकारी इगलास आयुष जायसवाल एवं क्षेत्राधिकारी कमलेश कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में खलबली मच गई।
अभियान से पहले प्रशासन द्वारा नगर में बैठक कर व्यापारियों, हाथ ठेला संचालकों, दैनिक मजदूरों, रेहड़ी एवं टेंपो चालकों को अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर ही कार्य करने की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद कई लोगों द्वारा निर्धारित स्थान के बजाय सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण कर आवागमन बाधित किया जा रहा था। चेतावनी के बाद भी अतिक्रमण न हटाए जाने पर प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई की।
अधिकारियों के निर्देश पर जेसीबी की मदद से सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों से अवैध अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई के दौरान मौके से होर्डिंग, तख्त, बोर्ड समेत अन्य सामान बरामद किया गया, जिसे नगर पंचायत के सुपुर्द कर दिया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की। वहीं इगलास से होकर गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों ने भी सड़क से अतिक्रमण हटाए जाने पर राहत जताते हुए शासन-प्रशासन की कार्रवाई को सराहनीय बताया।
उपजिलाधिकारी आयुष जायसवाल एवं क्षेत्राधिकारी कमलेश कुमार ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी व्यापारी, टेंपो या टिर्री चालक द्वारा निर्धारित स्थान के अलावा कहीं और अतिक्रमण कर यातायात बाधित किया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने नगर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए अतिक्रमण न करने की अपील भी की।
अभियान के दौरान अधिशासी अधिकारी ब्रजेंद्र कुमार सिंह के साथ नगर पंचायत की टीम, तहसील इगलास की टीम, एसएचओ प्रमोद कुमार, एसआई अजीत कुमार, एसआई अर्जुन अंजना सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।





















