अलीगढ़। मंगलायतन विश्वविद्यालय में एंटी-रैगिंग अभियान के तहत एंटी-रैगिंग जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों को रैगिंग के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षित, अनुशासित एवं सौहार्दपूर्ण शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
रैली में फार्मेसी, मैनेजमेंट, हॉस्पिटल फार्मेसी, विधि एवं शिक्षा विभाग समेत विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने रैगिंग के खिलाफ जागरूकता संदेश और नारे प्रस्तुत किए। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से रैगिंग से दूर रहने तथा इसके खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव कमांडर मनोज के. ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि रैगिंग किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। विश्वविद्यालय में प्रत्येक विद्यार्थी की सुरक्षा, गरिमा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन बनाए रखने के साथ एक-दूसरे के प्रति सहयोग एवं सम्मान की भावना रखने का आह्वान किया।
डीन अकादमिक डॉ. अमरीश शर्मा, चीफ प्रॉक्टर प्रो. प्रमोद कुमार एवं एंटी-रैगिंग नोडल अधिकारी डॉ. दशरथ सिंह ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि रैगिंग की किसी भी घटना को छिपाने के बजाय तत्काल संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना देनी चाहिए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. संजय पाल, डॉ. सौरभ गुप्ता एवं डॉ. बृजेश शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने रैगिंग मुक्त परिसर बनाने और सभी के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।





















