डैंपियर नगर स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, उनके लोककल्याणकारी कार्यों को किया याद
जिला नजर संवाददाता – राहुल गौड़
मथुरा। पाल-बघेल समाज के लोगों ने गुरुवार को एकत्र होकर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की पुण्यतिथि मनाई। इस अवसर पर मथुरा के डैंपियर नगर क्षेत्र स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने अहिल्याबाई होल्कर के जीवन और समाजहित में किए गए कार्यों को याद किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने मालवा क्षेत्र की शासक के रूप में लगभग तीन दशक तक शासन किया। उन्होंने महेश्वर को होल्कर राज्य की राजधानी बनाया और देश के अनेक धार्मिक स्थलों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार में योगदान दिया। काशी विश्वनाथ मंदिर सहित विभिन्न तीर्थस्थलों से जुड़े उनके कार्यों को आज भी श्रद्धा के साथ याद किया जाता है।
समाज के लोगों ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर का जीवन सेवा, न्याय और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। उनके विचारों और कार्यों से नई पीढ़ी को परिचित कराना समाज की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर मनीष, तुषार, राजकुमार चंदेल एडवोकेट, महेश चंद्र फौजी, मनोज प्रजापति, हरिओम पाल, बसपा नेता महेंद्र पाल सिंह निगम तथा बसपा भाईचारा कमेटी पिछड़ा वर्ग मंडल संयोजक ओमप्रकाश बघेल सहित पाल-बघेल समाज के दर्जनों लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।





















